अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) दीपका-गेवरा टीपर मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।


मिली जानकारी के अनुसार, गेवरा और कुसमुंडा को जोड़ने वाले कुचेना रेलवे अंडरब्रिज को मरम्मत कार्य के नाम पर बीते दिन अचानक बंद कर दिया गया था। इस दौरान आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। इसके चलते सैकड़ों दोपहिया वाहन चालकों और आम लोगों को भारी वाहनों की आवाजाही वाले टीपर मार्ग से गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। स्थानीय स्तर पर इस मार्ग पर बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही थी, जो बुधवार सुबह सच साबित हुई।


बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8 बजे टीपर मार्ग पर स्कूटी और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार भारी वाहन के टेलर के पहियों की चपेट में आ गया। इस हादसे में बाइक सवार युवक और स्कूटी सवार युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। कुसमुंडा पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी है।


इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि रेलवे अंडरब्रिज बंद करते समय वैकल्पिक मार्ग और आम नागरिकों की सुरक्षा की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? आखिर इस लापरवाही की जिम्मेदारी कौन लेगा?