दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, जिला शाखा कोरबा द्वारा आपसी सौहार्द, भाईचारे, पारस्परिक समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण मां मड़वारानी के पावन आंचल में दीपावली मिलन एवं वन संचार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रकृति की सुरम्य वादियों के बीच आयोजित इस समारोह में जिलेभर के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के संभागीय संगठन मंत्री शंकर दयाल साव मुख्य अतिथि तथा छत्तीसगढ़ राजस्व कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव जगदीश प्रसाद विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। फेडरेशन के जिला संयोजक डॉ. तरुण सिंह राठौर सहित विभिन्न संबद्ध संगठनों के पदाधिकारियों, कोर कमेटी के सदस्यों, जिला अध्यक्षों और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

संगठनात्मक मजबूती और कर्मचारी हितों पर हुआ विचार-विमर्श

कार्यक्रम के दौरान फेडरेशन की आगामी कार्ययोजनाओं, संगठनात्मक गतिविधियों और कर्मचारी-अधिकारी हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की गई। संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों पर विचार साझा किए गए। उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठनात्मक एकता को कर्मचारी-अधिकारी हितों की आवाज बुलंद करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समारोह का विशेष आकर्षण अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा दी गई रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। प्रतिभागियों ने अपनी गायन एवं अन्य सांस्कृतिक प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। दीपावली मिलन के साथ वन संचार का यह आयोजन सहकर्मियों को कार्यालयीन व्यस्तताओं से दूर एक-दूसरे के साथ आत्मीयता और आनंद के पल बिताने का अवसर बना।

इस अवसर पर विपिन यादव, नित्यानंद यादव, सर्वेश सोनी, प्रवीण कुमार गुप्ता, पीपीएस राठौर, अनिल रात्रे, विनोद सांडेय, कीर्ति लहरे, मुकुंद उपाध्याय, सुरेश चौहान, ओमप्रकाश तेलासी, वेद शर्मा, केआर मलहोत्रा, चन्द्रिका पाण्डेय, रामकपूर कुर्रे, जय राठौर, सेवन लाल राठौर, छोटेलाल पटेल, आरडी श्रीवास, उतरा साहू, अशोक कश्यप, जितेंद्र साहू, सुखी राम यादव, बल्लभ बैष्णव, पावन दास मानिकपुरी, जोहन चौहान, गौरव शर्मा, लीला बिहारी कौशिक, सुखीराम कश्यप, लहारु कर्ष, अनिता राठौर, किरण गुप्ता और ज्योति सिंह सहित सैकड़ों अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न यह आयोजन संगठनात्मक एकता, सहयोग और सामूहिक सक्रियता को नई ऊर्जा देने वाला साबित हुआ। कार्यक्रम की जानकारी फेडरेशन के जिला महासचिव ओमप्रकाश बघेल ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।