देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा)छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत बनाने और खेल एवं खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार एवं प्रभारी महासचिव मलकित सिंह गैटू की अनुमति से दोनद्रो बेलाकछार, बालको, जिला कोरबा निवासी गोपाल दास महंत को कांग्रेस कमेटी खेलकूद प्रकोष्ठ का ग्रामीण जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

जारी नियुक्ति आदेश में उनसे अपेक्षा की गई है कि वे खेल एवं खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए सक्रियता से कार्य करेंगे। साथ ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की नीति, रीति, परंपराओं एवं सिद्धांतों का पालन करते हुए संगठन को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

आदेश के अनुसार गोपाल दास महंत को सभी वर्गों के खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों को संगठन से जोड़ते हुए 15 दिनों के भीतर जिला कार्यकारिणी का गठन करना होगा। इसके बाद कार्यकारिणी की सूची अनुमोदन के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भेजनी होगी। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभावशील कर दी गई है।

इस नियुक्ति पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद ज्योत्स्ना महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने गोपाल दास महंत को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

इस जिम्मेदारी के मिलने से क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों में उत्साह है। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और जिले में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।