दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़ 

(कोरबा) जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर व्यापक यातायात एवं विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, डीएसपी डी.के. सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। कार्रवाई में एएसआई ईश्वरी लहरे, मनोज राठौर, प्रधान आरक्षक संतोष एवं मनोज मेहराम सहित पुलिस टीम सक्रिय रही।

अभियान के दौरान नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए 47 मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई की गई, जिन पर कुल 93 हजार रुपये का समन शुल्क लगाया गया।

इसके अलावा नियमों के विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाली 88 बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इन वाहनों पर कुल 5 लाख 38 हजार 400 रुपये का समन शुल्क न्यायालय के माध्यम से अधिरोपित किया गया।


यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सर्वमंगला चौक, भवानी मंदिर, ध्यानचंद चौक, जोड़ापुल एवं राताखार क्षेत्र में नो-पार्किंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 792 ट्रक एवं ट्रेलरों पर कार्रवाई करते हुए 23 लाख 76 हजार 600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।


वहीं तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वाले 20 मोटरसाइकिल चालकों पर भी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।


कोरबा पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, नाबालिगों को वाहन न सौंपने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।