अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) जिला जेल कोरबा में बंदियों को कौशल विकास, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से पंचगव्य उत्पाद निर्माण एवं जैविक कृषि विषय पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से प्रारंभ हुआ।

जेल सुपरिटेंडेंट अमितेष साहू के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन लालिमा जायसवाल, प्रांत गौ उत्पाद प्रशिक्षण प्रमुख, गौ सेवा गतिविधि छत्तीसगढ़ द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान बंदियों को गोबर एवं गोमूत्र से विभिन्न प्रकार के पंचगव्य उत्पाद तैयार करने की विधियां बताई गईं। साथ ही जैविक कृषि के महत्व, प्राकृतिक खेती एवं गौ आधारित उत्पादों के निर्माण का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में गौ आधारित उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान कैप्टन मुकेश अदलखा, जिला पर्यावरण संयोजक एवं घुरसाय निर्मलकर गुरुजी ने भी बंदियों को संबोधित किया। उन्होंने नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं जीवन में सकारात्मक बदलाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए बंदियों को नशे से दूर रहने तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़कर एक सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों के भीतर रचनात्मक कौशल विकसित करना, उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना तथा जेल से बाहर आने के बाद सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में मार्गदर्शन देना है।