जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे ने की अध्यक्षता, संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही)जिले में 15 वर्ष से अधिक आयु के शेष असाक्षर नागरिकों को साक्षर बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘उल्लास - नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ की समीक्षा बैठक मंगलवार को गौरेला के जनपद सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे ने की।

बैठक में कार्यक्रम की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ रावटे ने कहा कि 15+ आयु वर्ग के शेष असाक्षर नागरिकों को चिन्हित कर उन्हें बुनियादी शिक्षा से जोड़ना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए शत-प्रतिशत साक्षरता का लक्ष्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, जिले के तीनों जनपद पंचायतों के सीईओ, तीनों विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, नोडल अधिकारी, एनआरएलएम के विकासखंड अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पंचायत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की और लक्ष्य प्राप्ति के लिए बनाई गई कार्ययोजना पर चर्चा की।


जिला पंचायत सीईओ ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे फील्ड स्तर पर सतत मॉनिटरिंग करें। जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों का सहयोग लेकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति शिक्षा से वंचित न रहे।


बैठक के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया और उल्लास पोर्टल पर डेटा एंट्री व रिपोर्टिंग समय पर सुनिश्चित करने पर बल दिया।

  आज की बैठक में मुख्य रूप से विकासखंड शिक्षा अधिकारी गौरेला उपेंद्र सिंह ठाकुर,पेंड्रा आरएन चन्द्रा, मरवाही संजय वर्मा, बीआरसी गौरेला संतोष सोनी, पेंड्रा रामकुमार बघेल, मरवाही अजय राय, जिला नोडल अधिकारी मुकेश कोरी, सहायक नोडल संजय गुप्ता, गौरेला ब्लॉक नोडल अधिकारी आलोक शुक्ला, पेंड्रा नोडल राकेश चौधरी, मरवाही नोडल संजय टांडिया सहित एनआरएलएम, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं पंचायत विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।