देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा-बालकोनगर) बालकोनगर के भदरापारा मुख्य मार्ग पर घायल अवस्था में मिले एक कबरबिज्जू को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। जागरूक नागरिकों की तत्परता और समय पर दी गई सूचना से वन्यजीव को आवश्यक उपचार और देखभाल के लिए पहुंचाया जा सका। नागरिकों की इस पहल की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, भदरापारा मुख्य मार्ग पर साहू मोमोस दुकान के बगल में नाले के किनारे एक कबरबिज्जू घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। वह चोटिल होने के कारण चलने-फिरने में असमर्थ नजर आ रहा था। सड़क किनारे वन्यजीव को इस हालत में देखकर स्थानीय नागरिक रवि निर्मलकर ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया। उन्होंने बिना देर किए वन विभाग और वन्यजीव रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक घायल कबरबिज्जू का रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे उपचार और देखभाल के लिए ले जाया गया। वन विभाग के अनुसार, स्वस्थ होने के बाद उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ने की योजना है।

इस कार्य में रवि निर्मलकर के साथ उनके साथी शुभम गोस्वामी, सोमनाथ राजपूत, प्रभात साहू और संजू कोरी ने भी सजगता दिखाई। सभी के सहयोग से समय रहते घायल वन्यजीव को मदद मिल सकी।

यह घटना वन्यजीव संरक्षण के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का उदाहरण है। वन्यजीवों के घायल या संकट में दिखाई देने पर उन्हें स्वयं पकड़ने या परेशान करने के बजाय वन विभाग को सूचना देना चाहिए, ताकि उन्हें सुरक्षित तरीके से बचाकर उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।