अमर भारद्वाज सह-स्टेट छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)रक्षा बंधन के पावन अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई SECL बिलासपुर के गेवरा इकाई लाइन में भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और स्नेह का अनूठा संगम देखने को मिला। शासकीय मिडिल स्कूल विजय नगर की बालिकाओं द्वारा CISF के जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षा बंधन का त्योहार हर्षोल्लास एवं भावनात्मक वातावरण में मनाया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के गेवरा एवं दीपका क्षेत्र में कार्यरत बल सदस्य उपस्थित रहे। स्कूली बच्चियों ने जब जवानों की कलाई पर राखी बांधी तो पूरा वातावरण भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते की भावना से भर गया। देश की सुरक्षा में दिन-रात समर्पित रहने वाले जवानों के लिए यह क्षण विशेष रूप से भावुक और यादगार रहा।

राखी बंधवाने के पश्चात CISF के सदस्यों द्वारा सभी बहनों एवं बच्चियों को जलपान कराया गया। इस दौरान जवानों और छात्राओं के बीच आत्मीय संवाद भी हुआ, जिससे बच्चों में सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास और सम्मान की भावना और अधिक मजबूत हुई।


कार्यक्रम के अवसर पर इस इकाई के कमांडेंट श्री संजय कुमार ने सभी छात्राओं को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ शिक्षा प्राप्त करने तथा भविष्य में राष्ट्र निर्माण एवं देश सेवा के लिए समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश की सेवा केवल वर्दी पहनकर ही नहीं, बल्कि अपने कार्य को ईमानदारी और जिम्मेदारी से करके भी की जा सकती है।


कमांडेंट संजय कुमार ने बताया कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई SECL बिलासपुर द्वारा शासकीय मिडिल स्कूल विजय नगर को गोद लिया गया है। इसी जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए उन्होंने विद्यालय के विकास तथा बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए हर संभव सहयोग एवं सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।


उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें बेहतर शिक्षा, उचित मार्गदर्शन एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।