अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)मिनीमाता हसदेव बांगो बांध से एक युवक के तेज जलप्रवाह में लापता होने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र के चैतमा निवासी रंजीत यादव अपने तीन दोस्तों के साथ 15 अगस्त को बांगो बांध घूमने पहुंचा था। इसी दौरान वह गार्डन की रेलिंग के पास गया और बांध के खुले गेट की दिशा में पानी में छलांग लगा दी। तेज बहाव के चलते कुछ ही देर में युवक दिखाई देना बंद हो गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस ने युवक के साथ मौजूद तीनों दोस्तों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली है। फिलहाल युवक का कोई पता नहीं चल पाया है और उसकी तलाश लगातार जारी है।

बताया गया कि घटना के समय बांध में पानी की आवक अधिक थी। 15 अगस्त की सुबह बांध का जलस्तर करीब 358.60 मीटर तथा जलभराव लगभग 93.65 प्रतिशत था। पानी की आवक को देखते हुए बांध के सात गेट खोले गए थे, जिनसे करीब 18,786 क्यूसेक तथा हाइडल के माध्यम से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था।

घटना ने बांध क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस एवं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खुले गेट, तेज बहाव वाले स्थानों और प्रतिबंधित क्षेत्रों के नजदीक न जाएं। फिलहाल रेस्क्यू टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।