चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं स्वास्थ्य विभाग बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘माय भारत बिलासपुर द्वारा युवाओं को शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘माय हेल्थ माय प्राइड’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर, नशामुक्त भारत एवं मेंटल हेल्थ (मानसिक स्वास्थ्य) जागरूकता सत्र का सफल आयोजन जिला अस्पताल में किया गया। 

   कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गढ़ेवाल ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए स्वास्थ्य विभाग के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की विस्तृत जानकारी दी और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय सहभागिता को अनिवार्य बताया। इसी क्रम में सिविल सर्जन डॉ. एस. कुजूर ने आधुनिक जीवनशैली के कारण युवाओं में बढ़ रही विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं, पोषण की कमी और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों पर तकनीकी परामर्श दिया, वहीं मेंटल हेल्थ सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने युवाओं को करियर के तनाव, चिंता और मानसिक दबाव के प्रभावी प्रबंधन के तरीके बताए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माय भारत के उप निदेशक नितिन कुमार शर्मा ने राष्ट्रव्यापी पहल ‘100 सप्ताह के नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की रूपरेखा साझा की और कहा कि एक सशक्त व विकसित भारत की नींव केवल स्वस्थ और व्यसनमुक्त युवा शक्ति के कंधों पर ही टिकी है।

     शिविर में स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा राज्य खेल प्रशिक्षण अकादमी बहतराई के प्रशिक्षुओं सहित माय भारत के 150 से अधिक युवा स्वयंसेवकों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, बीपी, शुगर व बीएमआई की जांच कर निःशुल्क परामर्श व दवाएं उपलब्ध कराई गईं। युवाओं ने इस जागरूकता संदेश को डिजिटल माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य जांच और सत्रों की तस्वीरें व रील्स #नशा मुक्त युवा हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर भी व्यापक स्तर पर साझा कीं। इस संपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में मोहन लाल सोनी, सत्यम, लोकेश ओगरे, रोशन, सूरज, रोहित लहरे सहित माय भारत के स्वयंसेवकों की सक्रिय व सराहनीय भूमिका रही।