उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन होंगे मुख्य अतिथि, सांसद ज्योत्सना महंत करेंगी अध्यक्षता; शाम 4 बजे से स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टॉल भी रहेंगे आकर्षण

धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा) छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज 2 नवंबर को कोरबा में राज्य स्थापना दिवस समारोह ‘राज्योत्सव-2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। शहर के घंटाघर चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन थिएटर में आयोजित होने वाले इस समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां की हैं। शाम 7 बजे से मुख्य समारोह शुरू होगा, जबकि स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शाम 4 बजे से ही प्रारंभ हो जाएगा।


समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी।


कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, पाली-तानाखार विधायक तुलश्वर हीरा सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी शाम

राज्योत्सव का प्रमुख आकर्षण छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय लोकगायक सुनील सोनी की लोकगीत प्रस्तुति होगी। उनके गीतों के साथ स्थानीय कलाकार भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोककला, परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश करेंगे।


इसके अलावा समारोह परिसर में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों को छत्तीसगढ़ी खानपान का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।

नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील

कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं जिला प्रशासन कोरबा ने जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में पहुंचने और राज्य स्थापना दिवस के इस उत्सव में सहभागी बनने की अपील की है। राज्योत्सव-2026 के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोकपरंपरा और गौरवशाली पहचान का उत्सव मनाया जाएगा।