कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम     

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही)पुलिस एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने वैध दस्तावेजों के बिना धान एवं चावल का परिवहन किए जाने तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के चावल के अवैध परिवहन की आशंका पर कार्रवाई करते हुए एक मालवाहक वाहन जब्त किया है। वाहन में धान, चावल एवं कोढ़ा की कुल 80 बोरियां लदी थीं। खाद्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को गौरेला विकासखण्ड के सारबहरा ओवरब्रिज के पास चावल के अवैध परिवहन की सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने माजदा मालवाहक वाहन क्रमांक सीजी 10 एआर 3872 को रोककर जांच की। पूछताछ में वाहन चालक घनश्याम एवं हेल्पर अभिषेक कुमार गोंड ने बताया कि सामग्री अमरपुर निवासी बाबूलाल गुप्ता के घर से लोड कर गौरेला स्थित नर्मदा राइस मिल ले जाई जा रही थी। संयुक्त टीम द्वारा परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर वाहन एवं उसमें लदी सामग्री को विधिवत जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई एवं सुरक्षार्थ थाना प्रभारी गौरेला की सुपुर्दगी में सौंपा गया है।