चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) , छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर में सोमवार को सेवानिवृत्त हो रही माननीय न्यायमूर्ति रजनी दुबे के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में न्यायमूर्ति रजनी दुबे के उत्कृष्ट न्यायिक योगदान, निष्पक्षता, विधिक ज्ञान एवं प्रशासनिक दक्षता की मुक्त कंठ से सराहना की गई।

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि न्यायमूर्ति रजनी दुबे ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रत्येक मामले का धैर्य, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया। उन्होंने बार एवं बेंच के बीच सदैव सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखे तथा अपने शांत, विनम्र और संतुलित व्यक्तित्व से न्यायपालिका की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

समारोह में बताया गया कि न्यायमूर्ति रजनी दुबे ने अपने न्यायिक जीवन में 18,775 से अधिक मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण किया। उनके द्वारा एकल पीठ में 537 तथा खंडपीठ में 151 प्रकाशित निर्णय दिए गए, जो उनकी विधिक विशेषज्ञता और न्याय के प्रति समर्पण का प्रमाण हैं। उनके निर्णय संविधानिक मूल्यों, न्यायिक नैतिकता और कानून के शासन के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

अपने विदाई उद्बोधन में न्यायमूर्ति रजनी दुबे ने मुख्य न्यायाधीश, समस्त न्यायाधीशगण, न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने न्यायिक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने न्यायपालिका में मिले सहयोग और विश्वास के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

न्यायमूर्ति रजनी दुबे का जन्म 30 जून 1964 को जबलपुर (मध्यप्रदेश) में हुआ। उन्होंने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर से एलएल.बी. की शिक्षा प्राप्त की तथा वर्ष 1987 में अधिवक्ता के रूप में अपने विधिक जीवन की शुरुआत की। वर्ष 1990 में सिविल जज के रूप में चयनित होने के बाद उन्होंने मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की विभिन्न न्यायिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। 18 जून 2018 को वे छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की न्यायाधीश नियुक्त हुईं तथा 11 मई 2020 को स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की।

विदाई समारोह में उच्च न्यायालय के समस्त न्यायाधीशगण, महाधिवक्ता, राज्य विधिक परिषद एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी, रजिस्ट्री के अधिकारी-कर्मचारी तथा न्यायमूर्ति रजनी दुबे के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह भावुक एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।