धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा-बांकीमोंगरा)सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा द्वारा गुरुवार को नगर की चौपाटी परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ज्योत्सना टोप्पो के नेतृत्व में आयोजित अभियान में पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, सफाई मित्र, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता एवं आम नागरिकों ने श्रमदान कर चौपाटी परिसर की साफ-सफाई की।

अभियान के दौरान चौपाटी परिसर में जमा कचरे एवं गंदगी को एकत्रित कर उचित निपटान किया गया। आसपास के क्षेत्रों की भी सफाई की गई और नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी : सोनी विकास झा

नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकना चाहिए और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बांकीमोंगरा चौपाटी प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां लोग परिवार और मित्रों के साथ पहुंचते हैं। इसकी स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

अभियान में भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, विकास झा, अश्वनी मिश्रा, प्रमिला सायतोड़े, प्रमोद सोना, श्रवण कुमार यादव, राखी अग्रवाल, जितेन्द्र सिंह, हेम सिंह कंवर सहित पार्षद, पालिका अधिकारी-कर्मचारी, सफाई मित्र एवं नागरिक उपस्थित रहे।