अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)नव युवा गणेश उत्सव समिति बरपाली गेवरा बस्ती द्वारा गणेश उत्सव के समापन पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का धूमधाम से विसर्जन किया गया। इस दौरान कर्मा नाचा और पारंपरिक बाजे की धुन पर श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। पूरे बस्ती में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।

गणेश विसर्जन के दौरान समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में बस्ती के लोग शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के साथ भगवान श्री गणेश को विदाई दी। कर्मा नाचा और बाजे की धुन ने विसर्जन कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उत्साह के साथ विसर्जन यात्रा में शामिल हुए।

विसर्जन कार्यक्रम के बाद रात्रि में बच्चों के लिए डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद तेज प्रताप सिंह और विनोद सारथी उपस्थित रहे। वहीं गणेश उत्सव समिति के सदस्य रजनी श्रीवास, सतीश रत्नाकर, जगदीश, नागेश और संजय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और बस्तीवासियों का आभार व्यक्त किया।