गेवरा-दीपका मुख्यालय का घेराव कर प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन, 1 जुलाई 2026 से लागू होना है नया वेतन समझौता

अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)कोयला उद्योग में कार्यरत करीब 2.50 लाख श्रमिकों के हितों की रक्षा और 12वें वेतन समझौते के समयबद्ध क्रियान्वयन की मांग को लेकर कोयला मजदूर पंचायत संबद्ध हिन्द मजदूर सभा (HMS) ने 10 अगस्त को गेवरा-दीपका क्षेत्रीय मुख्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मुख्यालय पहुंचे और प्रबंधन तथा कोल इंडिया के खिलाफ नारेबाजी करते हुए 12वें जेबीसीसीआई के तत्काल गठन की मांग उठाई।

प्रदर्शन के बाद क्षेत्रीय प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने कहा कि 12वां वेतन समझौता 1 जुलाई 2026 से लागू होना प्रस्तावित है। ऐसे में समयबद्ध प्रक्रिया पूरी करने के लिए 12वें जेबीसीसीआई (Joint Bipartite Committee for the Coal Industry) का तत्काल गठन जरूरी है। जेबीसीसीआई की भूमिका कोल इंडिया एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत श्रमिकों के वेतन निर्धारण और सेवा शर्तों में एकरूपता बनाए रखने में महत्वपूर्ण है।


संगठन ने कहा कि चार प्रमुख केंद्रीय श्रम संगठनों के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर 10 अगस्त को सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालयों में प्रदर्शन एवं ध्यानाकर्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जेबीसीसीआई गठन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू नहीं की गई तो श्रमिक हितों के लिए आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


प्रदर्शन में रेशम लाल यादव, अनिरुद्ध सिंह, शिव शंकर पटेल, एस.सी. मंसूरी, मोहम्मद कलीम, एस.डी. मानिकपुरी, ओम प्रकाश, तरुण राहा, सृष्टिधर तिवारी, अमृतलाल चंद्र, एस.पी. तांती, विनोद पटेल, सुशील कुमार श्रीवास, अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।