35 पाव देशी शराब और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरगिट्टी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 35 पाव देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब के अलावा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रगति नगर आवासपारा निवासी सलमान खान (32 वर्ष) बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AB 1822 में अवैध रूप से शराब लेकर सिरगिट्टी अंडरब्रिज शराब दुकान से सरदार मोहल्ला की ओर जाने वाला है। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक किशोर केंवट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए रास्ते पर घेराबंदी की।

इस दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से 35 पाव देशी मदिरा, जिसकी कीमत 2,800 रुपये बताई गई है, बरामद हुई। पुलिस ने शराब और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपी सलमान खान को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।