दीपका के ज्योति नगर स्थित शिवधाम में नवरात्रि पर भक्तिमय आयोजन, श्रद्धालुओं ने की पहल की सराहना

रामलाल कुर्रे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा-दीपका) ज्योति नगर दीपका स्थित प्रसिद्ध शिवधाम में नवरात्रि पर्व के दौरान माता दीपेश्वरी के मंदिर को सुंदर और आकर्षक रूप देने में योगदान देने वाली बेटियों एवं दो बालकों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। आरती से पहले मंदिर परिसर में सुंदर रंगोली बनाकर धार्मिक वातावरण को मनमोहक बनाने वाले इन बच्चों के प्रयासों की श्रद्धालुओं ने सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पुजारी के हाथों अध्यक्ष दिलीप सिंह ने सभी बेटियों को श्रृंगार सामग्री तथा बच्चों को नगद राशि भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता, धार्मिक आस्था और सेवा भावना को प्रोत्साहित करना रहा। नवरात्रि के पावन अवसर पर रंगोली के माध्यम से मंदिर परिसर को आकर्षक बनाने में बच्चों की भूमिका सराहनीय रही।

कार्यक्रम का संयोजन सर्वेश सोनी सर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में मृत्युंजय पाण्डेय, शिवशंकर सिंह और संदीप सिंह ने सहयोग प्रदान किया। सभी ने बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी तरह धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।


ज्योति नगर की श्रद्धालु महिलाओं, माताओं-बहनों और कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस सम्मान समारोह की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और उनमें अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा धार्मिक आयोजनों के प्रति लगाव विकसित होता है।


नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस सम्मान कार्यक्रम ने श्रद्धा, सेवा और प्रोत्साहन का संदेश दिया। बच्चों को सम्मानित करने की इस पहल को क्षेत्र में सकारात्मक कदम के रूप में देखा गया।