जिला स्तरीय कार्यशाला में जनभागीदारी एवं विभागीय समन्वय से प्रभावी कार्ययोजना बनाने का मार्गदर्शन

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

         (गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही)जिला पंचायत प्रशासन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन एवं आकांक्षी विकासखंड गौरेला के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया गया। जिला पंचायत के नर्मदा सभा कक्ष में सोमवार को आयोजित कार्यशाला में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने स्थानीय आवश्यकताओं और जनभागीदारी के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर विभागीय समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने कहा। कार्यशाला में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्व-सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर मार्गदर्शन दिया गया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्रामीण स्वच्छता तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी देते हुए स्वच्छ गांव के निर्माण में पंचायतों की भूमिका बताई गई।

    कार्यशाला में आकांक्षी विकासखंड गौरेला में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, सामाजिक विकास और आधारभूत अधोसंरचना से जुड़े विकास संकेतकों में सुधार के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को संबंधित विभागों के समन्वय से कार्य करने की जानकारी दी गई। साथ ही ग्राम पंचायत विकास योजना में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। जिला पंचायत के मास्टर ट्रेनरों ने योजनाओं के प्रावधानों एवं क्रियान्वयन की प्रक्रिया समझाई। कार्यशाला में वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, प्रभारी अपर कलेक्टर आकांक्षा पांडे, तीनों विकासखंडों के सरपंच संघ के अध्यक्ष एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।