धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा)कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गठित खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमार कार्रवाई करते हुए 12 वाहनों को जब्त किया है।


कार्रवाई के दौरान राताखार में रेत का अवैध परिवहन कर रहे 3 ट्रैक्टर, कसरेंगा में 2 ट्रैक्टर, बरमपुर में 1 ट्रैक्टर, सुराकछार में 1 ट्रैक्टर, पाली में 1 ट्रैक्टर, कापूबहरा में मिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 1 टीपर तथा भिलाई बाजार में रेत का अवैध परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर एवं 1 टीपर सहित कुल 12 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को सिविल लाइन थाना, रामपुर, सर्वमंगला पुलिस चौकी, पाली थाना, हरदीबाजार थाना तथा खनिज जांच चौकी, कटघोरा की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।


खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। नियमों का उल्लंघन करने तथा अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।


विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सघन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।