राकेश कुमार राठौर जिला ब्यूरो चीफ सक्ती

(सक्ती)जिले के हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम डोमाडीह में जुआ पकड़ने पहुंची पुलिस को देखकर तालाब में कूदे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मामले में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को गंभीर लापरवाही का जिम्मेदार मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन सक्ती अटैच कर दिया है। साथ ही मामले की जांच के लिए एसडीओपी डभरा/चंद्रपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर की रात प्रशिक्षु एसआई जयराम साहू ग्राम डोमाडीह में तालाब के पास जुआ खेले जाने की सूचना पर बिना वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किए अकेले कार्रवाई करने पहुंच गए। पुलिस वाहन देखकर जुआ खेल रहे लोग भागने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति तालाब में कूद गया। उसकी पहचान गांव के महेश केंवट (38 वर्ष), पिता बिहारी लाल केंवट के रूप में हुई। इसके बाद वह घर नहीं लौटा।


25 नवंबर की सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों ने तालाब में महेश का शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह 9 बजे चंद्रपुर-बिलासपुर मार्ग पर घिवरा और मल्दा के बीच चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे अपर कलेक्टर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।


प्रशासन की ओर से तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। वहीं दशकर्म से पहले 4 लाख रुपये तथा प्राकृतिक आपदा मद से 4 लाख रुपये, कुल 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। करीब सात घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद मार्ग पर आवागमन सुचारू हो सका।