अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) ग्राम पंचायत झाबर को पूर्ण रूप से नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से ग्रामवासियों ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से ऐतिहासिक पहल करते हुए कड़े नियम लागू करने का सर्वसम्मत निर्णय लिया है। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के निर्देशन में आयोजित विशेष ग्रामसभा में ग्रामीणों ने गांव में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री एवं सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का संकल्प लिया।

बैठक में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक निखिल देवांगन, आरक्षक अंकित पांडे और आरक्षक मुकेश यादव की उपस्थिति में प्रस्ताव पारित किया गया। निर्णय के अनुसार गांव में शराब या अन्य नशीले पदार्थों का निर्माण अथवा बिक्री करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं नशीले पदार्थ खरीदने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पकड़े जाने वालों पर 5 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा।

नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए महिला कमांडर समिति का गठन भी किया गया। समिति की अध्यक्ष नोनी बाई कंवर, उपाध्यक्ष राधा बाई महंत और सचिव शेषमति पटेल को चुना गया है। यह समिति पुलिस प्रशासन के समन्वय से गांव में जागरूकता अभियान चलाने के साथ निगरानी की जिम्मेदारी भी निभाएगी।

ग्रामसभा में सरपंच रामसिंह कंवर, पंच शनि कंवर, देवनाथ विश्वकर्मा, प्रमोद कौशिक, पूर्व उपसरपंच मुकेश जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी ने इस अभियान को और मजबूत बनाया।

ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन और ग्राम पंचायत के संयुक्त प्रयास से झाबर जल्द ही क्षेत्र का आदर्श नशा मुक्त ग्राम बनेगा। इस पहल की आसपास के गांवों में भी सराहना हो रही है और इसे सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।