कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) बिलासपुर-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर बांसाझाल के समीप पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डायवर्सन प्लान लागू कर दिया है। जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं, ताकि यात्रियों और वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित है। इसे देखते हुए विभिन्न दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने आमजन से निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती कर यातायात संचालन की व्यवस्था की गई है।

मुख्य बिंदु :

मरवाही से बिलासपुर जाने वाले भारी वाहन व्याहा–कोटमी–कटघोरा मार्ग से होकर बिलासपुर जाएंगे।

अनूपपुर से बिलासपुर जाने वाले भारी वाहन गौरेला-पेंड्रा होते हुए व्याहा–कोटमी–कटघोरा मार्ग का उपयोग करेंगे।

छोटे वाहन गौरेला–पीपरखूंटी–खोंगसरा मार्ग से होकर बिलासपुर की ओर आवागमन करेंगे।

पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन फिलहाल प्रतिबंधित रखा गया है।

यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल एवं यातायात कर्मियों की तैनाती की गई है।

प्रशासन ने वाहन चालकों से अनावश्यक भीड़ से बचने, वैकल्पिक मार्ग अपनाने तथा पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

प्रशासन ने कहा है कि नागरिकों के सहयोग से ही यातायात को सुरक्षित और सुचारु रखा जा सकता है। पुल की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार आगे की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।