सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में तथा उपजिला निर्वाचन अधिकारी माधुरी सोम ठाकुर के निर्देशन में जिले में व्यापक रूप से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा हैं।

इस सम्बन्ध में सतीश प्रकाश सिंह सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी ने बताया कि 2 नवम्बर से प्रारंभ होकर 20 नवम्बर 2026 तक कोरबा जिले के सभी शासकीय-अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूल,हायर सेकेंडरी स्कूलों, उच्च शिक्षण संस्थानों में गठित किए गए इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब ELC में चरणबद्ध रूप से विद्यालय/महाविद्यालय स्तरीय, फिर विधानसभा स्तरीय, फिर जिला स्तरीय निबंध और क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन निर्धारित कैलेंडर अनुसार किया जा रहा हैं।


इन प्रतियोगिताओं में सम्मिलित होकर छात्र छात्राएं और युवाजन मज़बूत लोकतंत्र के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देंगे।

ये प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की सुविधा अनुसार हिन्दी अथवा अंग्रेजी भाषा में आयोजित की जा सकती हैं।

निबंध प्रतियोगिता का विषय- 1."शुद्ध मतदाता सूची का महत्व" 2. "मतदान का महत्व" पर आधारित होगा। इसी प्रकार क्विज़ प्रतियोगिता का विषय- "मतदाता सूची तैयार करने, ईवीएम और वीवीपीएटी (EVM & VVPAT), मतदान प्रक्रिया और मतगणना प्रक्रिया" पर आधारित होगा।

सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि स्कूल, कॉलेज स्तरीय प्रतियोगितायें 5 नवम्बर तक आयोजित की जाएगी। तत्पश्चात प्रत्येक संस्थान से चयनित शीर्ष दो विद्यार्थी विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मिलित होंगे। जिनमें से चयनित 10 शीर्ष छात्र- छात्राएं दिनांक 10 से 13 नवम्बर तक आयोजित किए जाने वाले विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित होने के उपरांत दिनांक 16 से 18 नवम्बर तक कोरबा जिला मुख्यालय में आयोजित किए जाने वाले जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मिलित होंगे। जिला स्तर पर चयनित 10 शीर्ष छात्र-छात्राओं को पुरूस्कृत किया जाएगा। दिनांक 20 नवम्बर तक परिणामों की घोषणा और प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।


सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि जिले के सभी शासकीय- अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य एवं ELC नोडल अधिकारियों,ELC कोऑर्डिनेटर को दीपावली की छुट्टियों से पूर्व दिनांक 5 नवम्बर 2026 तक अपने संस्थाओं में निबंध प्रतियोगिता और क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित करके संक्षिप्त प्रतिवेदन, विजेता विद्यार्थियों का नाम, कक्षा, संस्था,मोबाइल नंबर सहित कार्यक्रम का दो से तीन फोटोग्राफ्स/शॉर्ट वीडियो क्लिप को प्रेषित करने का निर्देश दिया गया हैं।

विद्यालय-महाविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता के बाद निर्धारित तिथियों में विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जावेगी। जिसकी सूचना पृथक से दी जावेगी।