उच्च न्यायालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने कार्यकाल की उपलब्धियों को किया याद, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) , छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के सम्मान में उच्च न्यायालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा गरिमामय एवं भावपूर्ण आभार प्रदर्शन एवं , सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में न्यायाधीशगण, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री के न्यायिक अधिकारी, उच्च न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।

समारोह में वक्ताओं ने मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के तीन वर्ष से अधिक के कार्यकाल को याद करते हुए उनके दूरदर्शी नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता और कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में उच्च न्यायालय की कार्यप्रणाली को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आर्काइव एवं डिजिटाइजेशन सेंटर, झलारा के उन्नयन तथा डिस्पेंसरी के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण कार्य हुए।

वक्ताओं ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी। आवासीय सुविधाओं, कर्मचारी कॉलोनी में स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था, विभिन्न पदों पर नियुक्ति, पदोन्नति एवं स्थायीकरण की कार्यवाहियों के साथ राष्ट्रीय पर्व, महिला दिवस एवं दीपावली जैसे अवसरों पर कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित कर उच्च न्यायालय परिवार में आत्मीयता और सौहार्द का वातावरण मजबूत किया गया।

समारोह में सिल्वर जुबली समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा नवीन सभागार के निर्माण के लिए हुए भूमिपूजन जैसे महत्वपूर्ण अवसरों को भी मुख्य न्यायाधीश के कार्यकाल की उल्लेखनीय उपलब्धियों के रूप में स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में लिए गए अनेक निर्णय लंबे समय तक स्मरणीय रहेंगे।

सम्मान समारोह अवसर पर रजिस्ट्री परिवार की ओर से मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के प्रति आभार एवं सम्मान व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की मंगलकामना की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि उनके कार्यकाल में किए गए उल्लेखनीय कार्य और कर्मचारी हित में लिए गए निर्णय हमेशा याद किए जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की कर्मचारी यामिनी पाटनवार ने किया। मुख्य न्यायाधीश के कार्यकाल के विवरण का वाचन कु. निर्मिमा साहू ने किया, जबकि कार्यक्रम के अंत में अभिनव गौहरा ने आभार प्रदर्शन किया।