मोपका के सूर्यवंशी समाज ने की सराहना, सिम्स के डीन एवं चिकित्सकों ने परिवार को प्रदान किया प्रशस्ति पत्र

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) मानव सेवा और परोपकार की भावना का इससे बड़ा उदाहरण क्या होगा कि अपनी 23 वर्षीय बेटी के निधन के बाद एक परिवार ने दुख की घड़ी में भी मानवता की सेवा का संकल्प लेते हुए उसका देहदान कर दिया। मोपका निवासी सूर्यवंशी समाज के उत्तम दर्वे एवं उनके परिवार ने अपनी बेटी कु. सिमरन दर्वे का पार्थिव शरीर छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर को दान कर समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

दर्वे परिवार ने परिवार के सभी सदस्यों की सहमति से यह निर्णय लिया और सिम्स के डीन एवं संबंधित विभागाध्यक्ष (एचओडी) की उपस्थिति में सिमरन का पार्थिव शरीर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए समर्पित किया। परिवार के इस पुनीत कार्य की सिम्स प्रबंधन एवं चिकित्सकों ने मुक्तकंठ से सराहना की तथा सम्मानस्वरूप परिवार को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

देहदान को मानव सेवा के सर्वोच्च कार्यों में से एक माना जाता है। रक्तदान से जहां जरूरतमंदों का जीवन बचाया जा सकता है, वहीं देहदान चिकित्सा विज्ञान की शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा देता है। सिमरन का पार्थिव शरीर एमबीबीएस के प्रथम एवं अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के प्रायोगिक अध्ययन में उपयोगी सिद्ध होगा। इससे भावी चिकित्सकों को मानव शरीर की संरचना को समझने और बेहतर चिकित्सा सेवा के लिए प्रशिक्षित होने में मदद मिलेगी।

उत्तम दर्वे एवं उनके परिवार के इस निर्णय ने न केवल मोपका बल्कि पूरे बिलासपुर जिले और छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणादायी संदेश दिया है। सूर्यवंशी समाज सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने दर्वे परिवार के इस साहसिक एवं मानवीय निर्णय की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। परिवार ने अपने व्यक्तिगत दुख को मानव कल्याण की भावना से जोड़कर यह साबित कर दिया कि सच्ची मानव सेवा वही है, जिससे मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन और भविष्य को संवारने में योगदान दिया जा सके।

दर्वे परिवार का यह अनुकरणीय कदम समाज को देहदान के प्रति जागरूक करने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों को भी मानवता और परोपकार का संदेश देता रहेगा।