अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ इंडिया न्यूज़

(कोरबा) बांकीमोंगरा क्षेत्र के सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता पवन कुमार गुप्ता का परिवार लंबे समय से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ा हुआ माना जाता है। राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के बावजूद पार्टी संगठन में उन्हें अब तक कोई जिम्मेदारी या पद नहीं मिलने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

वर्ष 2019 में हुए नगर निगम चुनाव के दौरान पवन कुमार गुप्ता ने पार्षद पद के लिए कांग्रेस से टिकट की उम्मीद की थी, लेकिन पार्टी द्वारा टिकट नहीं दिए जाने पर उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया। जनता का समर्थन उन्हें भरपूर मिला और वे चुनाव जीतने में सफल रहे। उनकी जीत ने यह साबित कर दिया कि क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ और जनसमर्थन है।

चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस नेताओं के आग्रह पर पवन कुमार गुप्ता ने पुनः कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया और पार्टी की विचारधारा के साथ मिलकर क्षेत्र में समाज सेवा और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने लगे।

इसी बीच नगर निगम से अलग होकर बांकीमोंगरा नगर पालिका का गठन हुआ। नगर पालिका क्षेत्र में महिला सीट आरक्षित होने के बाद पवन कुमार गुप्ता की पत्नी रूबी पवन गुप्ता को कांग्रेस पार्टी ने टिकट दिया। रूबी पवन गुप्ता ने भी जनता का विश्वास जीतते हुए चुनाव में जीत हासिल की और नगर पालिका में अपनी पहचान बनाई।

पवन कुमार गुप्ता लगातार कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़कर संगठन और समाज सेवा के कार्यों में लगे हुए हैं। इसके बावजूद अब तक पार्टी संगठन में उन्हें कोई पद या जिम्मेदारी नहीं दी गई है, जिसे लेकर उनके समर्थकों में भी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्टी के प्रति समर्पण और क्षेत्र में उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें उचित सम्मान और जिम्मेदारी मिलनी चाहिए।