देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

   (कोरबा) शासकीय पॉलिटेक्निक कोरबा में शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को संस्था की आंतरिक परिवाद समिति की बैठक आयोजित की गई। संस्था के प्राचार्य डॉ. एस. एस. एल. पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता समिति की पीठासीन अधिकारी वसुधा डिक्सेना, व्याख्याता (विद्युत) ने की। बैठक में बाह्य सदस्य सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में लालिमा जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

बैठक में सदस्यों को कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम, 2013 तथा यूजीसी विनियम, 2015 के प्रावधानों की जानकारी दी गई। समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए संस्था में छात्राओं एवं महिला कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के लिए लैंगिक उत्पीड़न निवारण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। समिति सदस्यों के नाम एवं संपर्क नंबर सूचना पटल पर प्रदर्शित किए जाएँगे, ताकि कोई भी पीड़ित बिना झिझक अपनी शिकायत दर्ज करा सके। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

बैठक में समिति सदस्य इंदु प्रभा कंवर, कृष्ण कुमार पटेल एवं सिया मरकाम उपस्थित रहे। विद्यार्थी सदस्य जिज्ञासा साहू, प्रीति कुर्मी एवं विवेक साहू भी उपस्थित रहे। अंत में पीठासीन अधिकारी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।