भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा) शासकीय मिडिल स्कूल विजयनगर में शनिवार को सुबह की प्रार्थना सभा के बाद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा योग एवं व्यायाम से हुई, जिसमें नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

इसके पश्चात विद्यालय में अध्ययन-अध्यापन के लिए स्थापित स्मार्ट टीवी के माध्यम से संचालित स्मार्ट क्लास की गतिविधियों का उपस्थित पालकों को संक्षिप्त परिचय कराया गया। प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने बताया कि स्मार्ट क्लास के जरिए विद्यार्थियों को आधुनिक एवं रोचक तरीके से शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने विद्यालय में नवीन रूप से नियुक्त मानदेय शिक्षिकाओं को भी स्मार्ट टीवी एवं डिजिटल शिक्षण संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य केंद्र विजयनगर से पहुंची नर्सिंग स्टाफ ने 14 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं एवं उनकी माताओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगाए जाने वाले टीकाकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने टीके की उपयोगिता, सुरक्षा और समय पर टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

विद्यालय परिवार ने इस पहल को विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम का सफल संयोजन, क्रियान्वयन एवं संचालन विद्यालय के प्रधान पाठक सर्वेश सोनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, पालकगण एवं स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा।