देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा-बालकोनगर) सेक्टर-3 बालको नगर में इस वर्ष गणेश महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सात दिवसीय गणेश पूजन-अर्चन के बाद भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का भव्य विसर्जन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी शामिल हुए और भक्तिमय वातावरण में गणपति बप्पा को विदाई दी।

विसर्जन से पूर्व भगवान श्री गणेश को विधिवत 56 भोग अर्पित किया गया। इसके बाद महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महाआरती के दौरान पूरा परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा।

इस वर्ष गणेश महोत्सव का विशेष आकर्षण सेक्टर-3 कॉलोनी के नन्हें कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नृत्य-नाटिका एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। छोटे-छोटे बच्चों ने गणेश वंदना और भक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान श्रद्धालु भी उत्साह से झूमते नजर आए।

इसके पश्चात शाम 4 बजे गाजे-बाजे के साथ भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सेक्टर-3 से प्रारंभ होकर बालको नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए विसर्जन स्थल दोन्द्रो पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश के जयकारे लगाए और भक्तिमय वातावरण में प्रतिमा को विदाई दी।

गणेश महोत्सव एवं विसर्जन समारोह को सफल बनाने में सेक्टर-3 की मातृशक्ति का विशेष योगदान रहा। आयोजन में कॉलोनीवासियों ने एकजुट होकर सहभागिता निभाई और सात दिवसीय गणेश महोत्सव का श्रद्धा एवं उल्लास के साथ समापन किया।