भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय हाई स्कूल विजयनगर एवं मिडिल स्कूल बिंझरा परिसर में योग सप्ताह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य भैयाराम कंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। योगाचार्य एडवोकेट शिवचरण चौहान तथा योग प्रशिक्षक एवं विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण दास महंत ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को योग के महत्व एवं लाभों से अवगत कराया।

कार्यक्रम का संचालन राज्यपाल पुरस्कृत प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने किया। उन्होंने कुंजल, जलनेती, घृतनेती, सूत्रनेती और शंख प्रक्षालन जैसी योगिक क्रियाओं की विधि, उपयोगिता तथा सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही खगासन एवं ब्रह्मांजलि मुद्रा का प्रदर्शन कर योग के व्यावहारिक पक्ष को समझाया।

योग प्रशिक्षक लक्ष्मण दास महंत ने योग प्रार्थना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत कराई और प्राणायाम तथा कपालभाति का अभ्यास कराया। वहीं मुख्य प्रशिक्षक शिवचरण चौहान ने शीर्षासन, चक्रासन, गोमुखासन सहित नौली क्रिया का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया।

इस अवसर पर राजेश कश्यप, मिलन भाई, रोशन, नकुल यादव, हरिराम पटेल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं लीली ग्रेस कुजूर, अलका सोनी, डॉ. अनिता पटेल, सरस्वती कश्यप, मीनी मैथ्यू, वीणा पांडेय, संध्या रानी ठाकुर और पुष्पलता महेश उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य नीलू अवस्थी ने अतिथियों, प्रशिक्षकों, पालकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को योग सप्ताह की शुभकामनाएं देते हुए सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।