दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(राजनांदगांव) जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डोंगरगढ़ पुलिस ने गांजा परिवहन एवं बिक्री के मामले में एक अन्य आरोपी दिगंबर ठाकुर (26 वर्ष), निवासी रामपुर, थाना लालबाग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.050 किलोग्राम गांजा और एक ज्यूपिटर स्कूटी सहित कुल 1 लाख 2 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी पालेेश्वर सेन को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर डोंगरगढ़ पुलिस ने मोचीपारा में राधेलाल मालाकार के घर के पास घेराबंदी कर पालेेश्वर सेन को पकड़ा था। उसके कब्जे से 390 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 19,500 रुपये और स्कूटी क्रमांक CG 08 AT 2189, जिसकी कीमत 40 हजार रुपये थी, जब्त की गई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 693/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में कार्रवाई कर उसे 25 नवंबर को जेल भेज दिया गया था।


विवेचना के दौरान पुलिस को दिगंबर ठाकुर की संलिप्तता की जानकारी मिली। पूछताछ में गांजा बिक्री के लिए पालेेश्वर सेन को उपलब्ध कराने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की ज्यूपिटर स्कूटी क्रमांक CG 08 BJ 2938 की डिक्की से 1.050 किलोग्राम गांजा, कीमत 52 हजार रुपये, तथा 50 हजार रुपये की स्कूटी जब्त की।


आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख सहित डोंगरगढ़ पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।