मोपका चौक में भव्य पंडाल में विराजीं ‘मोपका की महारानी’, दर्शन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) अश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा के साथ शारदीय नवरात्रि पर्व का शुभारंभ हो गया है। नवरात्रि के पहले दिन शहर सहित ग्रामीण अंचलों में जगह-जगह मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। माता रानी की पूजा-अर्चना, जसगीत गायन और ज्योति कलश स्थापना के साथ पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

मोपका चौक में नवयुवक दुर्गा उत्सव समिति, मोपका द्वारा लगातार 14वें वर्ष भव्य आयोजन करते हुए आकर्षक पंडाल में ‘मोपका की महारानी’ की स्थापना की गई है। नवरात्रि के प्रथम दिन गोधूलि बेला में विधि-विधान के साथ माता रानी की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ उपस्थित होकर माता का आशीर्वाद लेने पहुंचे।

इसी तरह गोंडपारा, कृष्णा चौक, घी कुंड तालाब के पास, गुड़ीपारा और रामकृष्ण नगर सहित विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। मंदिरों और देवालयों के साथ कई गांवों में भी ज्योति कलश की स्थापना की गई है। नवरात्रि के पहले दिन से ही दुर्गा पंडालों और मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है।

दुर्गा उत्सव स्थलों पर माता के जसगीतों की गूंज सुनाई दे रही है। श्रद्धालु भक्ति और श्रद्धा के साथ मां दुर्गा की आराधना कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना कर रहे हैं। नवरात्रि पर्व के आगमन से मोपका सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह, उमंग और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल है।