अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(रायपुर) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के तत्वावधान में 11 जुलाई 2026 को डॉ. भीमराव अंबेडकर सांस्कृतिक भवन, बौद्ध विहार, देवेंद्र नगर, रायपुर में प्रदेश स्तरीय समीक्षा एवं मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रदेशभर के जिला एवं विधानसभा स्तरीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा समर्थक हजारों की संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति और जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसपा के केंद्रीय कॉऑर्डिनेटर, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं छत्तीसगढ़ के मुख्य प्रभारी राजाराम रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, बहुजन समाज की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।


विशिष्ट अतिथि हेमंत पोयाम, स्टेट कॉऑर्डिनेटर एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, ने संगठनात्मक मजबूती, सदस्यता अभियान और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।


बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष श्याम टंडन ने की। उन्होंने संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला एवं विधानसभा इकाइयों से फीडबैक लिया और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि बसपा सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की मूल भावना को लेकर निरंतर कार्य करती रहेगी।


बैठक के अंत में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने का विश्वास व्यक्त किया।