आशीष कुमार साहू रिपोर्टर मस्तूरी बिलासपुर

(बिलासपुर-मस्तूरी)मस्तूरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जैतपुर के अनेक गरीब, भूमिहीन एवं श्रमिक परिवार आज भी शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित हैं। वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन-यापन कर रहे इन परिवारों की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत कर शीघ्र हस्तक्षेप एवं न्यायोचित कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के बावजूद कई पात्र परिवारों को अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, जिसके कारण वे जर्जर एवं कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं। वहीं अनेक घरों में शौचालय निर्माण नहीं होने से स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर कई बार आवेदन, जानकारी एवं मांग प्रस्तुत किए जाने के बावजूद उनकी समस्याओं के निराकरण की दिशा में कोई प्रभावी पहल नहीं की गई। पात्र हितग्राहियों के नाम सर्वे एवं सूची में शामिल नहीं होने के कारण वे शासन की योजनाओं से लगातार वंचित रह रहे हैं।

भूमिहीन मजदूर परिवारों का कहना है कि उनके पास न तो कृषि योग्य भूमि है और न ही कोई अन्य स्थायी आय का साधन। वे दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इसके बावजूद उन्हें भूमिहीन मजदूर सहायता योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं हो सका है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत जैतपुर में विशेष सर्वे कराकर सभी पात्र परिवारों की पहचान सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण एवं भूमिहीन मजदूर योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है, किंतु पात्र हितग्राही आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल सके।

ग्रामीणों को आशा है कि कलेक्टर जनदर्शन में प्रस्तुत इस मांग पर प्रशासन सकारात्मक पहल करेगा तथा पात्र परिवारों को शीघ्र ही योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाएगा।