अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़ 

(बिलासपुर) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई एसईसीएल बिलासपुर में आज प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सहयोग से बल के समस्त सदस्यों एवं उनके परिवारजनों के लिए “स्ट्रेस मैनेजमेंट” विषय पर एक विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्तमान भागदौड़ एवं प्रतिस्पर्धात्मक जीवनशैली में उत्पन्न होने वाले मानसिक तनाव को समझना तथा उससे प्रभावी ढंग से निपटने के व्यावहारिक उपायों से प्रतिभागियों को अवगत कराना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर शैलेंद्र माउंट एवं संजीव भाई उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर के इकाई प्रभारी रघुबीर नरेन, उप महानिरीक्षक द्वारा मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किए जाने के साथ हुआ।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में ब्रह्माकुमारी टीम ने अत्यंत सरल, प्रभावशाली एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि तनाव (स्ट्रेस) क्या है, यह किन परिस्थितियों एवं कारणों से उत्पन्न होता है तथा इसे किस प्रकार नियंत्रित एवं कम किया जा सकता है। वक्ताओं ने सकारात्मक सोच, भावनात्मक संतुलन, आत्म-नियंत्रण तथा आत्मिक शक्ति के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि मानसिक शांति और स्वस्थ जीवन के लिए नियमित आत्मचिंतन एवं ध्यान अत्यंत आवश्यक है।


कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न प्राणायाम, मेडिटेशन एवं ध्यान संबंधी अभ्यासों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। बताया गया कि इन सरल अभ्यासों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति तनाव, चिंता एवं नकारात्मक विचारों से स्वयं को काफी हद तक मुक्त रख सकता है तथा मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बना सकता है।


इस अवसर पर उपस्थित बल सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की। प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं, बल्कि पारिवारिक एवं सामाजिक संबंधों को भी सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।


कार्यक्रम के समापन पर सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर की ओर से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की टीम एवं मुख्य अतिथियों के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया। साथ ही भविष्य में भी बल सदस्यों एवं उनके परिवारों के समग्र कल्याण हेतु इस प्रकार के जन-जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।