संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन, फायर शो और पंथी नृत्य ने मोहा मन

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) आस्था, भक्ति और लोक संस्कृति के अद्भुत संगम के बीच छठ महापर्व की शुरुआत पर अरपा नदी के तट पर गंगाजी की तर्ज पर भव्य अरपा महाआरती का आयोजन किया गया। ब्रह्म बाबा आश्रम के महंत श्री श्री 1008 त्यागी प्रेमदास जी महाराज के सानिध्य में छठ पूजा समिति द्वारा आयोजित इस महाआरती में हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर अरपा मैया की आराधना की। इस दौरान 5100 दीपों का दीपदान कर नदी में प्रवाहित किया गया, जिससे पूरा छठ घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक सुशांत शुक्ला, विधायक दिलीप लहरिया, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, सभापति विनोद सोनी, कांग्रेस नेता विजय केसरवानी, राजेंद्र शुक्ला एवं प्रमोद नायक सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। संत-महात्माओं के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ अरपा मैया की महाआरती की गई।

कार्तिक मास में दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समिति की ओर से 5100 दीप जलाकर अरपा नदी में प्रवाहित किए गए। दीपों की जगमगाती कतारों और श्रद्धालुओं की सामूहिक आरती ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन के दौरान भव्य आतिशबाजी एवं फायर शो आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं पंथी नृत्य, आकर्षक रंगोलियों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की भव्यता में चार चांद लगा दिए। श्रद्धालुओं की अलग-अलग टोलियां पूजा की डलिया लेकर अरपा तट पर पहुंचीं और दीप प्रवाहित कर सुख-समृद्धि की कामना की।

छठ महापर्व को लेकर बिलासपुर में उत्साह और तैयारियां चरम पर हैं। नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पर्व का शुभारंभ हो चुका है। एक किलोमीटर लंबे स्थायी छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस का विशेष ट्रैफिक प्लान

अरपा महाआरती के सफल आयोजन के बाद छठ पर्व के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए बिलासपुर पुलिस ने विशेष यातायात योजना लागू की है। छठ घाट की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर जाम से बचाव के लिए रूट डायवर्ट किए गए हैं। सरकंडा-मोपका और गुरु नानक चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। शहर के कई व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है, वहीं छोटे और दोपहिया वाहनों के लिए भी अलग यातायात व्यवस्था बनाई गई है।

व्रतियों को मिलेगी विशेष सुविधा, आठ से अधिक पार्किंग स्थल निर्धारित

पुलिस प्रशासन ने छठ व्रतियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विशेष व्यवस्था की है। सिर पर पूजा की टोकरी (दौरी) लेकर चलने वाले व्रतियों एवं उनके परिजनों के वाहनों को छूट देते हुए छठ घाट के नजदीक तक पहुंचने की अनुमति दी जाएगी, ताकि उन्हें पूजा सामग्री लेकर अधिक दूरी तक पैदल न चलना पड़े। इसके अलावा श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए आठ से अधिक पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें, यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन व्यवस्था में सहयोग करें।

अरपा महाआरती के माध्यम से छठ पूजा समिति ने न केवल धार्मिक आस्था को नई ऊंचाई दी, बल्कि अरपा नदी के प्रति श्रद्धा, नदी संरक्षण और बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान को भी एक नई दिशा देने का संदेश दिया।