ग्राम सोहतरा के राम कुमार पटेल ने बढ़ाया रकबा

 मुख्यमंत्री के ऐतिहासिक निर्णय से गन्ना किसानों की दीवाली की खुशी होगी दोगुनी

अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(बालोद)छत्तीसगढ़ शासन की किसान हितैषी नीतियों और नगदी फसलों को मिल रहे प्रोत्साहन से प्रदेश के किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है। राज्य सरकार द्वारा गन्ने के समर्थन मूल्य में की गई वृद्धि और समय पर भुगतान की पारदर्शी व्यवस्था से अन्नदाता आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। ग्राम सोहतरा के गन्ना उत्पादक कृषक राम कुमार पटेल का जीवन शासन की किसान हितैषी मंशा और धरातल पर उसके सकारात्मक प्रभाव को रेखांकित करती है।  07-08 वर्षों से कर रहे हैं गन्ने की खेती, अब रकबा बढ़ाने की तैयारीग्राम सोहतरा के कृषक राम कुमार पटेल ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे विगत 07 से 08 वर्षों से लगभग 02 एकड़ क्षेत्र में नियमित रूप से गन्ने की खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि परंपरागत फसलों की तुलना में गन्ने की खेती न केवल अधिक सुरक्षित है, बल्कि नियमित आमदनी का एक मजबूत माध्यम भी बन चुकी है। शासन द्वारा गन्ने के मूल्य में की गई वृद्धि से उत्साहित होकर वे आगामी वर्षों में गन्ने की खेती का रकबा और अधिक बढ़ाने की योजना बना रहे हैं।  बढ़े हुए दाम से दीवाली की खुशी होगी दोगुनी

कृषक राम कुमार पटेल ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सत्र में बेचे गए गन्ने का भुगतान बढ़ी हुई दरों और एरियर के रूप में प्राप्त होने से किसानों में अभूतपूर्व खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि ’इस बार गन्ना उत्पादक किसानों के घरों में दीवाली दोगुनी खुशी के साथ मनेगी।’ उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनके घर का निर्माण कार्य चल रहा है, ऐसे समय में शासन से मिलने वाली यह अतिरिक्त संबल राशि सीधे उनके आवास निर्माण और परिवार की खुशहाली में काम आएगी।  

राम कुमार पटेल ने किसानों की समस्याओं और उनकी वर्षों पुरानी मांग को संवेदनशीलता से पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं के पसीने की सही कीमत देकर विष्णुदेव सरकार ने किसानों का मान बढ़ाया है। किसान हित में लिए गए इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया।