भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा) नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत 360 डिग्री आकलन एवं कौशल विकास प्रशिक्षण के उद्देश्य से मिडिल स्कूल विजयनगर के कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों को कामगारों के प्रत्यक्ष कार्यस्थल अवलोकन के लिए गांव के विभिन्न स्थानों पर ले जाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने खुशरुडीह और धनुहार पारा में लौह कामगारों के कार्यों को देखा तथा उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

विद्यार्थियों ने डिस्पोजल कागज के दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन का भी प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने मशीन से दोना-पत्तल बनाने की प्रक्रिया को समझा और इससे जुड़े कौशल की जानकारी ली। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना और विभिन्न व्यवसायों के प्रति जागरूक करना था।

इसी क्रम में इको एवं यूथ क्लब हाई स्कूल विजयनगर के विद्यार्थियों ने शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ पूरे गांव में जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान नशामुक्ति और अंधविश्वास निर्मूलन के नारे लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता का संदेश देते हुए सड़क, तालाब के घाट, मंदिर, स्कूल परिसर और चौक-चौराहों की साफ-सफाई भी की। स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े गीतों के माध्यम से जनजागरण किया गया।

इस पहल का शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष धजाराम चौहान, पंचायत रोजगार सहायक बीर सिंह, गणेश राम तथा मां समलाई दोना-पत्तल निर्माण से जुड़े चंद्रमा एवं उनके परिवारजनों ने स्वागत किया। दो अलग-अलग स्थानों पर लगभग 150 छात्र-छात्राओं को बिस्कुट, मिक्सचर, चाय और ठंडा पानी दिया गया। ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने किया। इको क्लब प्रभारी शिक्षिका अनिता पटेल सहित लीली ग्रेस कुजूर, अल्का सोनी, मिनी मैथ्यू, राधिका कंवर, नारायणी पटेल और संध्या रानी ठाकुर ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कर्मचारियों में नकुल यादव और मुस्कान कंवर भी शामिल रहे।