देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा) संयुक्त मानिकपुरी पनिका समाज, जिला कोरबा के अध्यक्ष एवं समाज के अनुयायियों ने संत शिरोमणि सद्गुरु कबीर साहेब के प्रति कथित रूप से अपमानजनक एवं अभद्र टिप्पणियों के मामले में जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक, जिला कोरबा को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में बताया गया कि संत कबीर साहेब समाज एवं उनके अनुयायियों के लिए आदर्श, पूजनीय और श्रद्धेय हैं। उन्होंने मानवता, समानता, सद्भाव, प्रेम, करुणा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी है। समाज का आरोप है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो/पोस्ट में मनु भैया उर्फ मन्नू शर्मा, शनिधाम गुरुग्राम के नाम से संचालित यूट्यूब चैनल एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संत कबीर साहेब के संबंध में कथित तौर पर अपमानजनक एवं अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया है।

समाज ने कहा कि ऐसी टिप्पणियों से कबीर पंथ के अनुयायियों की भावनाएं आहत होने तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। ज्ञापन में संबंधित वीडियो, पोस्ट और वक्तव्य की तत्काल जांच कराने तथा जांच में तथ्य सामने आने पर लागू कानूनों के तहत उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

समाज ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष से व्यक्तिगत वैमनस्य नहीं, बल्कि संत कबीर साहेब एवं समाज की गरिमा और धार्मिक भावनाओं की रक्षा करना है। साथ ही भविष्य में ऐसी अमर्यादित टिप्पणियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।