घंटाघर चौक से कलेक्ट्रेट तक गूंजे कर्मचारियों के अधिकारों के नारे, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

मांगें पूरी नहीं होने पर होगा व्यापक आंदोलन – डॉ. तरुण सिंह राठौर

दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर जिला शाखा कोरबा के बैनर तले आज जिले के बड़ी संख्या में कर्मचारी-अधिकारियों ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार आक्रोश रैली निकाली। यह रैली राजस्व पटवारी संघ के धरना स्थल से प्रारंभ होकर कोरबा के हृदय स्थल घंटाघर चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। रैली में शामिल कर्मचारियों ने शासन के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की आवाज बुलंद की। यह आक्रोश रैली केवल जिला मुख्यालय में ही नहीं बल्कि जिले के विभिन्न विकास खंण्डो में भी तहसीलदार /एसडीएम के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री का नाम ज्ञापन सौपा गया।

फेडरेशन की प्रमुख मांगों में राजस्व पटवारियों की जायज मांगों का समर्थन करते हुए उनके विरुद्ध की गई दंडात्मक कार्यवाहियों को शून्य घोषित कर तत्काल निरस्त करने तथा केंद्रीय कर्मचारियों के समान राज्य के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को देय तिथि से लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते का एरियर सहित भुगतान करने का आदेश शीघ्र जारी करने की मांग शामिल है।

रैली के पश्चात कर्मचारी-अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोनों मांगों पर शासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की गई। आज के खंड स्तरीय ज्ञापन कार्यक्रम कटघोरा एस डी एम कार्यालय मे कर्मचारियों अधिकारियों को असहज कर देने वाली घटनाक्रम हुई, जैसे ही कर्मचारियों अधिकारियों ने अपनी दो सूत्री मांगों को लेकर एसडीम के समक्ष ज्ञापन देने पहुंचे एसडीम महोदय द्वारा ज्ञापन लेने से इनकार करते हुए अपने कार्यालय छोड़कर अन्यत्र चले गए जिससे कर्मचारी अधिकारियों द्वारा असहज महसूस किया गया।

 आज के ज्ञापन कार्यक्रम अवसर पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक डॉ. तरुण सिंह राठौर ने कहा कि कर्मचारी-अधिकारी शासन की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों की जायज मांगों को लंबित रखना तथा अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले पटवारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज की आक्रोश रैली शासन को कर्मचारियों की एकजुटता और नाराजगी का स्पष्ट संदेश है। यदि समय रहते दोनों सूत्रीय मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा और व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

आज की रैली में जिले के विभिन्न विभागों के कर्मचारी-अधिकारी, संबद्ध कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी उत्साहपूर्वक शामिल हुईं। कर्मचारियों की व्यापक उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि लंबित महंगाई भत्ते के भुगतान एवं पटवारियों के समर्थन में पूरा कर्मचारी-अधिकारी वर्ग एकजुट है।


फेडरेशन ने शासन से मांग की है कि कर्मचारियों की भावनाओं एवं जायज मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आदेश जारी किया जाए, ताकि कर्मचारियों में व्याप्त असंतोष समाप्त हो सके।

   आज के रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम में मुख्य रूप से मिथिलेश वर्मा,ओमप्रकाश प्रधान, विपिन यादव,तरुण प्रकाश वैष्णव, गोरेलाल साहू,सर्वेश सोनी, के डी पात्रे, अनूप सिंह कोराम,पी पी एस राठौर, विनोद सांडेय, विजय जगत, प्रकाश खाकसे, प्यारेलाल चौधरी, आर के पांडेय,जय प्रकाश झा,राम कपूर कुर्रे, मानसिंह राठिया, कीर्ति लहरे, जय राठौर,चंद्रिका पांडेय मुकुंद उपाध्याय, उत्तरा साहू, संतोष कर्ष, दिनेश सिंह तुमेश्वर राठौर, सुरेश चौहान, विनय शुक्ला,शिवलाल भगत,समा परवीन, सुभद्रा चौहान, आभा नामदेव, प्रीति सिंह, दिनेश उपाध्याय, हेमंत सिंह, त्रिलोक सोनवानी, विवेक सिंह एवं सैकड़ो कर्मचारी अधिकारी उपस्थित रहे।

 उक्त जानकारी छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला शाखा कोरबा के महासचिव ओमप्रकाश बघेल द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।