अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)सावन मास में प्रत्येक सोमवार को कनकीधाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था को लेकर हिंदू नारायणी सेना के प्रमुख अरविंद अग्रवाल के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कोरबा पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में संगठन ने आरोप लगाया कि सावन सोमवार के अवसर पर कनकीधाम जाने वाले मार्ग में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा श्रद्धालुओं एवं भक्तों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ एवं मारपीट जैसी घटनाएं की जाती हैं। इसके अलावा तेज आवाज में डीजे बजाकर हुड़दंग करने तथा फटे साइलेंसर वाली गाड़ियों से तेज आवाज कर धार्मिक वातावरण एवं श्रद्धालुओं की शांति भंग करने की शिकायत भी की गई।


हिंदू नारायणी सेना ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि सावन सोमवार के दौरान कनकीधाम मार्ग पर विशेष निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी भय और परेशानी के मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर सकें।


पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले एवं हुड़दंग करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


इस अवसर पर हिंदू नारायणी सेना ने कोरबा शहर के हिंदू समाज से संगठन से जुड़ने और सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सहयोग करने की अपील भी की।