कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही)जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में अपराध एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी द्वारा दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना मरवाही पुलिस ने जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर पेश किया है।

मामले का विवरण:दिनांक 25.10.2026 की रात्रि लगभग 11:00 बजे ग्राम मगुरदा में जमीन बंटवारे की बात को लेकर पंचायत भवन के सामने विवाद हुआ। इस दौरान आरोपियों द्वारा सरवन प्रजापति, चंपाबाई एवं राजकुमार के साथ टांगिया एवं लाठी से मारपीट कर चोट पहुंचाई गई। घटना में सरवन प्रजापति को प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर उपचार हेतु जिला अस्पताल गौरेला रेफर किया गया। घटना की रिपोर्ट पर थाना मरवाही में अपराध क्रमांक 225/2026, धारा 296, 115(2), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस की कार्रवाई:घटना की सूचना प्राप्त होने पर थाना प्रभारी मरवाही द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने घायलों का तत्काल बेहतर उपचार सुनिश्चित कराने तथा आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निर्देशों के पालन में थाना मरवाही पुलिस टीम ने प्रकरण की विवेचना के दौरान घटनास्थल से एफएसएल अधिकारी की मौजूदगी में वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य संकलित किए। पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर घटना में संलिप्त चार आरोपियों को दिनांक 26.10.2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगिया एवं लाठी जप्त कर उन्हें न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपी:1. हेमंत कुमार प्रजापति, पिता सावन प्रजापति, उम्र 19 वर्ष। 2. लालबहादुर प्रजापति, पिता झगड़ुवा प्रजापति, उम्र 52 वर्ष। 3. नेमुला प्रसाद प्रजापति, पिता झगड़ुवा प्रजापति, उम्र 65 वर्ष। 4. देवनारायण प्रजापति, पिता नेमुला प्रजापति, उम्र 40 वर्ष।

सभी आरोपी निवासी ग्राम मगुरदा, थाना मरवाही, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़) के हैं।

जिला पुलिस द्वारा अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है।