सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(जांजगीर-चांपा) लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा चांपा में भक्तिमय वातावरण के बीच हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हसदेव नदी के तट स्थित केराझरिया छठ घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की पूजा-अर्चना की।


छठ महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा के तहत डागा कॉलोनी, बरपाली चौक निवासी मधु ऐरन अग्रवाल परिवार की महिलाओं ने केराझरिया घाट पहुंचकर पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजन सामग्री से सजे सूप और दउरा के साथ महिलाओं ने हसदेव नदी के तट पर खड़े होकर डूबते सूर्य देव को अर्घ्य दिया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।


इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से घाट का वातावरण भक्तिमय बना रहा। परिवार की महिलाओं ने छठी मैया के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट करते हुए विधिवत पूजा संपन्न की।


छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी पर्व है। यह महापर्व परिवार की खुशहाली, सामाजिक सद्भाव और आपसी एकता का संदेश देता है।


मधु ऐरन अग्रवाल परिवार ने छठी मैया के चरणों में बारंबार प्रणाम करते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की। जय छठी मैया!