अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) पाली थाना क्षेत्र के चैतमा स्थित चेतन डिस्पोजल फैक्ट्री के पास बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।


जानकारी के अनुसार, तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान चेतन डिस्पोजल फैक्ट्री के पास सामने से आ रही अर्टिगा कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे युवक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।


हादसे की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और अर्टिगा कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।