अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) कोरबा जिले में एक विभाग ऐसा भी है, जहां सेवानिवृत्ति के बाद भी एक अधिकारी का कार्यालय से मोह खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। सेवा से निवृत्त होने के बाद एक्सटेंशन की अवधि पूरी होने के बावजूद कार्यालय आने-जाने का सिलसिला जारी है। हालात ऐसे हैं कि सक्षम अधिकारी की नियुक्ति हो जाने के बाद भी पूर्व अधिकारी का कार्यालय में नियमित रूप से उपस्थित रहना कई सवाल खड़े कर रहा है।


आमतौर पर किसी अधिकारी की सेवानिवृत्ति के बाद विभाग में नए अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी जाती है और विभागीय कामकाज उसी के मार्गदर्शन में संचालित होता है। लेकिन कोरबा के इस विभाग में तस्वीर कुछ अलग ही नजर आ रही है। यहां नियुक्त अधिकारी कार्यालय में मौजूद हों या नहीं, लेकिन पूर्व अधिकारी की उपस्थिति अक्सर देखने को मिल जाती है।


सवाल यह है कि आखिर किस हैसियत से सेवानिवृत्त अधिकारी कार्यालय पहुंच रहे हैं? क्या उन्हें विभागीय कामकाज में किसी प्रकार की जिम्मेदारी सौंपी गई है? यदि हां, तो क्या इसका कोई आधिकारिक आदेश जारी हुआ है? और यदि ऐसा कोई आदेश नहीं है, तो फिर कार्यालय में उनकी निरंतर मौजूदगी का औचित्य क्या है?


सबसे अहम सवाल यह भी है कि जब शासन ने सक्षम अधिकारी की नियुक्ति कर दी है, तो विभाग की कमान आखिर किसके हाथ में है? क्या वर्तमान नियुक्त अधिकारी स्वतंत्र रूप से काम कर पा रहे हैं या फिर पर्दे के पीछे से अब भी पूर्व अधिकारी का प्रभाव कायम है?


सरकारी कार्यालय किसी व्यक्ति की निजी जागीर नहीं होते। यहां पद और जिम्मेदारी शासन के नियमों के अनुसार तय होती है। ऐसे में सेवानिवृत्ति और एक्सटेंशन की अवधि समाप्त होने के बाद भी किसी अधिकारी की लगातार मौजूदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।


अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग और जिला प्रशासन इस मामले में संज्ञान लेते हैं या फिर कार्यालय में पुराने अधिकारी की मौजूदगी और नए अधिकारी की जिम्मेदारी के बीच यह स्थिति यूं ही बनी रहती है।