धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा)जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत जैलगांव चौक स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (चॉइस सेंटर) में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश सेंटर में रखे लॉकर का ताला तोड़कर लगभग 35 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें नकाबपोश चोर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक अनूप दास दीवान मंगलवार रात करीब 9 बजे रोज की तरह सेंटर बंद कर अपने घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर का ताला भी टूटा हुआ था। जांच करने पर लॉकर में रखी लगभग 35 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। हालांकि, केंद्र में रखा अन्य सामान सुरक्षित पाया गया।


घटना की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।