अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पताढ़ी स्थित ओवरब्रिज के पास मंगलवार को एक सड़क हादसा हो गया। कनकी मेला घूमकर लौट रहा एक परिवार उस समय दुर्घटना का शिकार हो गया, जब ऑटो के सामने अचानक आवारा मवेशी आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ऑटो सड़क पर पलट गया।


जानकारी के अनुसार ऑटो क्रमांक CG 12 BC 1740 में एक परिवार कनकी मेला घूमकर वापस लौट रहा था। पताढ़ी ओवरब्रिज के पास अचानक सड़क पर मवेशी आ जाने से चालक ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे में सालियाभाठा निवासी ऑटो चालक नरेश कुमार को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि ऑटो में सवार परिवार के अन्य सदस्यों को मामूली चोटें बताई जा रही हैं।


दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और 112 की सहायता से घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया।

सड़क पर आवारा मवेशी बढ़ा रहे हादसे का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर आवारा मवेशी सड़क पर बैठे या घूमते रहते हैं। विशेषकर रात के समय अंधेरे में वाहन चालकों को मवेशी दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। नागरिकों ने मवेशियों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा उनके गले में रेडियम पट्टी लगाने की मांग की है। संबंधित विभाग से प्रभावी व्यवस्था की मांग की गई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।