चितरंजन कुमार प्रसाद रिपोर्टर कटघोरा कोरबा

(कोरबा-बिजली पारा)ग्राम पंचायत अखरापाली एवं ग्राम पंचायत मौहाडीह के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को बिजली पारा स्थित दशहरा मैदान में भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में रावण दहन के साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।

आयोजकों के अनुसार, उत्सव के दौरान मोगरा विश्वकर्मा द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देने के साथ ग्रामीण संस्कृति और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।

विधायक प्रेमचंद पटेल होंगे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जनपद पंचायत कटघोरा की उपाध्यक्ष ममता दामोदर राठौर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। वहीं, जिला पंचायत कोरबा के सदस्य विनोद कुमार यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इसके अलावा ग्राम पंचायत अखरापाली के सरपंच बरन सिंह बिंझवार तथा ग्राम पंचायत मौहाडीह की सरपंच सावित्री लक्ष्मीनारायण बिंझवार की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

रावण दहन के साथ मिलेगा एकता का संदेश

दशहरा पर्व असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इसी परंपरा के अनुरूप रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सदाचार, सामाजिक एकता और लोक संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के गांवों के लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर दशहरा उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।


स्थान: दशहरा मैदान, बिजली पारा दिनांक: रविवार, 25 अक्टूबर 2026