धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा) सोशल मीडिया पर 'लाइक्स' और 'व्यूज' हासिल करने की होड़ में युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला ऊर्जाधानी कोरबा से सामने आया है, जहाँ युवतियों द्वारा चलती कार पर खतरनाक स्टंटबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गरबा परिधान में सजी युवतियां चलती लग्जरी कार के बोनट पर बेपरवाह होकर लेटी हुई हैं। वहीं, कुछ अन्य युवतियां कार की खिड़कियों और दरवाजों पर लटककर रील बनाती नजर आ रही हैं। बैकग्राउंड में 'जस्ट चील चील' गाना बज रहा है और खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

रोशनी से सजी सड़क पर चल रही इस गाड़ी (क्रमांक CG12BV6007) पर किए गए इस स्टंट के दौरान अगर ड्राइवर अचानक ब्रेक लगा देता, तो बड़ा हादसा घटित हो सकता था। यह लापरवाही न केवल स्टंट कर रही युवतियों के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती थी।

सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी मनोरंजन नहीं बल्कि कानूनन अपराध और गंभीर लापरवाही है। फिलहाल इस वायरल वीडियो पर पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद आमजन में ट्रैफिक सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।